4 March 2026

होटल में सेक्स रैकेट की चल रही थी गुपचुप गतिविधि, छापे में आठ युवतियां और पांच युवक गिरफ्तार

उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद के रुड़की में पुलिस व मानव तस्करी विरोधी इकाई (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट) की संयुक्त टीम ने दिल्ली-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर मलकपुर चुंगी के निकट एक होटल में छापेमारी कर वहां चल रहे देह व्यापार के अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान होटल के विभिन्न कमरों से आठ युवतियों व पांच युवकों को आपत्तिजनक स्थिति में गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार युवकों में होटल का प्रबंधक भी सम्मिलित है।

पुलिस व संबंधितों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरिद्वार जनपद में कई स्थानों पर देह व्यापार की शिकायतें मिलने के बाद एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने छानबीन आरंभ की थी। इस क्रम में सूचना मिली कि रुड़की के सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत दिल्ली-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित एक होटल में लंबे समय से संगठित रूप से देह व्यापार का संचालन हो रहा है।

सूचना पुष्ट होने पर पुलिस व एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की संयुक्त टीम ने बीते शुक्रवार देर शाम होटल में छापा मारा। टीम को होटल के अलग-अलग कमरों में युवक-युवतियां आपत्तिजनक अवस्था में मिले। इसके बाद सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।

गिरोह का सरगना राजा उर्फ रांझा गिरफ्तार

पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह का सरगना राजा उर्फ रांझा पुत्र सुभाष, निवासी पाड़ली गुज्जर रुड़की और उसका साथी निक्की कल्लू उर्फ दीपक अंतरराज्यीय गिरोह के रूप में हरियाणा, असम, उत्तर प्रदेश व दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों से युवतियों को लाकर देह व्यापार में संलिप्त कराते थे।

इन युवतियों को रुड़की के अलग-अलग होटलों में ग्राहकों की मांग पर भेजा जाता था। साथ ही होटलों में कमरा व युवतियां उपलब्ध कराकर अवैध रूप से इस कृत्य को संचालित किया जा रहा था। पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे बीते पांच से छह वर्षों से यह काम कर रहे थे।

पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है। साथ ही गिरोह के मुख्य सरगनाओं के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने दर्ज किया अभियोग, सभी से हो रही पूछताछ (Sex racket was being Run Secretly in the Hotel)

रुड़की क्षेत्राधिकारी नरेंद्र पंत ने बताया कि सभी आरोपितों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। आरोपितों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही हिरासत में ली गई युवतियों व युवकों से गहन पूछताछ की जा रही है।

फिलहाल पुलिस होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ होटल प्रबंधन के दस्तावेजों की भी जांच कर रही है, ताकि देह व्यापार से जुड़े अन्य सुरागों तक पहुंचा जा सके। मामले की विवेचना प्रचलित है।

You may have missed